
जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण के लिए प्रोजेक्ट अलंकार के तहत बजट स्वीकृत कराने की मांग, विधायक जवाहर लाल राजपूत ने अपर मुख्य सचिव को सौंपा पत्र
झांसी। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने क्षेत्र के तीन राजकीय विद्यालयों के जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री पार्थ सेन शर्मा को पत्र सौंपकर प्रोजेक्ट अलंकार योजना के अंतर्गत बजट स्वीकृत कराने की मांग की।
विधायक ने पत्र के माध्यम से ब्लॉक बामौर के ग्राम कुरेठा स्थित अभिनव विद्यालय, गुरसराय नगर स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तथा ग्राम अहरौरा स्थित राजकीय विद्यालय के जर्जर भवनों की ओर अपर मुख्य सचिव का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने इन विद्यालयों के भवनों की स्थिति को देखते हुए प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
विधायक ने कहा कि विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण होने से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शिक्षण व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
उन्होंने विभाग से मांग की कि जनहित एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीनों विद्यालयों के प्रस्तावों पर प्राथमिकता से विचार कर शीघ्र बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।





