November 21, 2026 2:26 am

किसानों की मूंगफली खरीद के लिए झांसी में क्रय केंद्र खोले जाने के लिए की प्रमुख सचिव कृषि को लिखा पत्र

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

किसानों की मूंगफली खरीद के लिए झांसी में क्रय केंद्र खोले जाने के लिए की प्रमुख सचिव कृषि को लिखा पत्र

 

झांसी। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने जनपद झांसी में किसानों की मूंगफली की सरकारी खरीद के लिए क्रय केंद्र खोले जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, कृषि विभाग को पत्र लिखकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

 

विधायक ने पत्र में अवगत कराया कि इस वर्ष जनपद झांसी में खरीफ की फसल के दौरान किसानों द्वारा मूंगफली का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया गया है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। भारत सरकार द्वारा नेफेड एवं एनसीसीएफ के माध्यम से दलहन एवं तिलहन की खरीद सहकारिता विभाग की विभिन्न संस्थाओं के जरिए कराई जाती है। इसके लिए समर्थन मूल्य भी निर्धारित किया गया है, लेकिन मंडियों में किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि मंडी व्यापारी किसानों से कम कीमत पर मूंगफली खरीद रहे हैं, जिससे किसानों को उनकी लागत तक निकालना मुश्किल हो रहा है। वहीं, अत्यधिक बारिश के कारण पहले ही किसानों की मूंगफली की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। हर वर्ष इस समय तक मूंगफली की सरकारी खरीद के लिए क्रय केंद्र खोल दिए जाते हैं, लेकिन इस वर्ष अभी तक क्रय केंद्र नहीं खोले गए हैं।

 

विधायक जवाहर लाल राजपूत ने प्रमुख सचिव कृषि से आग्रह किया कि जनपद झांसी में किसानों की मूंगफली की खरीद के लिए तत्काल क्रय केंद्र खोले जाने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

 

रिपोर्ट -आशुतोष गोस्वामी