November 26, 2026 2:03 am

गरौठा विधायक जवाहर राजपूत के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, धनौरा-प्रतापपुरा-देवरी मार्ग के लिए 42.15 करोड़ रुपये स्वीकृत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

गरौठा विधायक जवाहर राजपूत के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, धनौरा-प्रतापपुरा-देवरी मार्ग के लिए 42.15 करोड़ रुपये स्वीकृत

 

निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए शासन ने जारी किए 4.21 करोड़ रुपये, 12.600 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का जल्द होगा शिलान्यास भूमि पूजन

 

झांसी. गरौठा विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक जवाहर लाल राजपूत के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। उनके प्रयासों के बाद शासन ने धनौरा-प्रतापपुरा-देवरी मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 42 करोड़ 15 लाख 8 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है. इसके साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए 4 करोड़ 21 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई है.

 

12.600 किलोमीटर लंबाई वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विधायक जवाहर लाल राजपूत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से अनुरोध किया था. उन्होंने क्षेत्र की जनता की आवागमन संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विधानसभा सदन में भी इस मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव रखा था.

 

विधायक के निरंतर प्रयासों के बाद लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी शासनादेश के माध्यम से इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है. प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी स्वीकृति के अनुसार परियोजना में पांच वर्ष का अनुरक्षण कार्य भी शामिल है. इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी. साथ ही आसपास के गांवों का संपर्क बेहतर होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और क्षेत्र के कई गांव सीधे मुख्यालय से कनेक्ट हो जाएंगे. गरौठा विधायक ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास भूमि पूजन जल्द ही ही कराते हुए कार्य प्रारंभ कराया जाएगा.

 

विधायक जवाहर लाल राजपूत ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गरौठा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे. जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. विधायक ने कहा कि अभी कुछ और सड़कों के निर्माण की वित्तीय स्वीकृति मिल सकती है जिनके निर्माण के लिए उनके द्वारा प्रस्ताव दिए जा चुके हैं।

 

रिपोर्ट -आशुतोष गोस्वामी