
देव दीपावली मनाई गई: जगमग हो उठा दामोदर राव घाट
नगर के ऐतिहासिक माता मंदिर तालाब के दामोदर राव घाट पर देव दीपावली भव्यता से मनाई गई। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के तत्वावधान में देव दीपावली को भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ,एवं महारानी लक्ष्मीबाई के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। पृष्ठभूमि में लगे बैनर पर ” बुंदेले हर बोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी।खूब लड़ी मर्दानी वो तो झांसी वाली रानी थी।।”पंक्तियां उपस्थित जनों में जोश भर रहीं थीं।
दामोदर राव घाट पर स्थित विशाल दीपमालिका पर 200 से अधिक जलते दीपक मनोहारी दृश्य उपस्थित कर रहे थे। घाट के बुर्जों, त्रिपुरारी महादेव मंदिर के रोशनदानों, घाट की सीढ़ियों पर झिलमिलाते सैकड़ों दीपक सनातन की आभा को बिखेर रहे थे। श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर तालाब में दीपदान भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुन्नालाल दोदेरिया ने बताया कि आदि काल में त्रिपुरासुर नामक राक्षस ने तपस्या से ब्रह्मा जी को प्रसन्न कर लिया था। उसने अमरता के लिए आकाश में तीन नगरों के निर्माण का वर मांगा। मद में चूर त्रिपुरासुर ने देवताओं पर घोर अत्याचार किया। देवताओं की प्रार्थना पर महादेव ने विशेष धनुष से त्रिपुरासुर का अंत किया।इसी कारण महादेव को त्रिपुरारी , त्रिपुरान्तक भी कहा जाता है।मुख्य अतिथि कुलदीप कोदवलकर, विशिष्ट अतिथि पार्षद कैलाश कुशवाहा, विलासराव खानवलकर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
डॉ जैतराम अग्रवाल, रवींद्र चतुर्वेदी, रामकुमार राजोरिया, आत्माराम अग्रवाल, दिनेश त्रिपाठी, मनोहर राव नेवालकर, धर्मेंद्र कुशवाहा, सतीश त्रिपाठी, कातरे जी, हरनारायण सेन, सोनू कुशवाहा, रवि रावत, रविकुमार, दिनेश वर्मा, ऋषभ प्रजापति, पार्थ सेन, परी केवट, रिया एवं उन्नति आदि ने अपनी सहभागिता दी। संतोष तिवारी ने आभार व्यक्त किया।



