
झाँसी। सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, झाँसी में भारत सरकार द्वारा संचालित छात्र पुलिस कैडेट कार्यक्रम के अंतर्गत तथा जिला विद्यालय निरीक्षक झाँसी श्रीमती रती वर्मा जी के निर्देशन में विद्यालय परिसर में स्टूडेंट पुलिस कैडेट सम्मान समारोह एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम का भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में कानून के प्रति जागरूकता, आत्मरक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा महिला सशक्तिकरण की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती निधि चौहान ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) झाँसी डॉ. अरविंद कुमार रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा स्टूडेंट पुलिस कैडेटों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी के लोकार्पण के साथ हुआ। प्रदर्शनी में छात्राओं ने मिशन शक्ति, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा एवं सामाजिक अनुशासन से संबंधित विभिन्न विषयों को मॉडल, चार्ट एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने अपने संबोधन में छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान की व्यापक भूमिका से अवगत कराते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि समाज की रक्षक, मार्गदर्शक एवं संरक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मरक्षा के उपाय अपनाने, अनुशासन का पालन करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं नागरिक कर्तव्यों की समझ विकसित करता है।
विद्यालय की एस पी सी नोडल एवं मिशन शक्ति प्रभारी श्रीमती असमा खान ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि स्टूडेंट पुलिस कैडेटों द्वारा वर्ष भर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें मिशन शक्ति जागरूकता अभियान, सड़क सुरक्षा रैलियाँ, यातायात नियमों पर जन-जागरूकता, स्वच्छता अभियान एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम प्रमुख रहे। इन गतिविधियों में कैडेटों की सक्रिय सहभागिता सराहनीय रही।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्टूडेंट पुलिस कैडेटों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में
प्रथम स्थान – कैडेट ज़ैनब,
द्वितीय स्थान – कैडेट वैष्णवी वर्मा,
तृतीय स्थान – कैडेट नैन्सी एवं निशा कुशवाहा ने प्राप्त किया। सभी विजेता कैडेटों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ विद्यालय की अन्य 30 कैडेट्स को एसपीसी एवं मिशन शक्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की सह-नोडल रचना नामदेव, रूपवती खोइया, प्रीति अवस्थी, संध्या गुप्ता, प्रीति, प्रमिला माथुर, अभिलाषा, सुमन, रुचि, श्रद्धा, राखी सहित समस्त शिक्षिकाएँ, विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन नोडल असमा ख़ान द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य श्रीमती निधि चौहान जी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। अंत में राष्ट्र निर्माण में छात्राओं की सक्रिय भूमिका के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।





