October 29, 2026 2:17 pm

*बस से 5 करोड़ की ज्वेलरी व 15 लाख से भरे दो बैग चोरी*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बस से 5 करोड़ की ज्वेलरी व 15 लाख से भरे दो बैग चोरी

झांसी मऊरानीपुर।

कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार की शाम एक बड़ी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अमृतसर के रहने वाले व्यापारी कीरत सिंह अपने साथी रामेश्वर के साथ बस से छतरपुर से झांसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मऊरानीपुर बस स्टैंड पर अज्ञात चोरों ने उनकी ज्वैलरी और नकदी से भरे दो बैग पार कर दिए। पीड़ित के अनुसार, बैग में लगभग 5 करोड़ रुपये कीमत की ज्वेलरी और 15 लाख रुपये नकद रखे हुए थे।

पीड़ित कीरत सिंह ने बताया कि उनकी ‘मोर्डन ज्वैलर्स’ के नाम से दुकान और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है। वे ऑर्डर मिलने पर छतरपुर, महोबा, मऊरानीपुर, ग्वालियर और दिल्ली आदि स्थानों पर तैयार ज्वेलरी पहुंचाने का कार्य करते हैं। बुधवार की शाम वे छतरपुर से झांसी आ रहे थे। शाम लगभग 5:50 बजे जब उनकी बस मऊरानीपुर बस स्टैंड पहुँची, तो वहाँ सवारियों के उतरने और चढ़ने के दौरान भारी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ज्वेलरी और नकदी से भरे दोनों बैग चुराकर फरार हो गए। जबकि उनके साथी ने देखा कि उनके बैग लेकर युवक चार पहिया गाड़ी में सवार होकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश बिलाटिया, अनिल सोनी, अरविंद अग्रवाल और जगदीश अग्रवाल मौके पर पहुँच गए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से कड़ी नाराजगी जताते हुए मांग की है कि इस बड़ी चोरी की घटना का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए और चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाए। वही सर्राफा व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पिछले 4 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के द्वारा सिर्फ पूछता की जा रही है। मामला पंजीकृत नहीं किया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में आ चुकी है। चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन कर दिया गया है। शुरुआती जांच में मध्य प्रदेश के अलीपुर टोल के पास से एक संदिग्ध चार पहिया वाहन का नंबर प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर छानबीन की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैग में रखी ज्वेलरी की सही कीमत और नकदी के आंकड़ों की पुष्टि गहनता से जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

रिपोर्ट -आशुतोष गोस्वामी